Tuesday, October 20th, 2026

ऐक्‍ट्रेस सायंतिका बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस पार्टी की जॉइन



पश्‍च‍िम बंगाल में चुनावी घमासान से ठीक पहले टॉलीवुड की मशहूर ऐक्‍ट्रेस सायंतिका बनर्जी ने ममता बनर्जी की पार्टी जॉइन कर ली है। बुधवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के दफ्तर में उन्‍होंने पार्टी की सदस्‍यता ली। सयंतिका की वह तस्‍वीर भी सामने आ गई, जिसमें वह टीएमसी का झंडा थामे हुए नजर आ रही हैं। चुनाव से पहले सिनेमा की दुनिया और टीएमसी के रिश्‍ते को कुछ इसी तरह नुसरत जहां और मिमी चक्रवर्ती ने भी मजबूती दी थी। दोनों आज संसद की माननीय सदस्‍य हैं। राज्‍य में 27 मार्च को पहले चरण में 30 सीटों पर वोटिंग होनी है और ऐसे में सायंतिका की एंट्री को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।

चर्चा यह भी है कि दीदी ममता बनर्जी सायंतिका बनर्जी को विधानसभा चुनाव में उम्‍मीदवार बनाएंगी। जाहिर है, ऐसे में हर किसी की दिलचस्‍पी बंगाल की इस ऐक्‍ट्रेस में बढ़ गई है। आइए जानते हैं अभ‍िनेत्री से राजनेता बनने जा रही सायंतिका के बारे में हर जरूरी बात।

बंगाली फिल्‍मों की दुनिया में सायंतिका को उनकी ऐक्‍ट‍िंग स्‍क‍िल्‍स के साथ ही डांसिंग के लिए खास तौर पर पहचाना जाता है। साल 2012 में रिलीज उनकी बंगाली फिल्‍म 'आवारा' को खूब पसंद किया गया था। इस‍ फिल्‍म ने बॉक्‍स ऑफिस पर भी अच्‍छा खासा बिजनस किया था।

सायंतिका ने ग्‍लैमर वर्ल्‍ड में अपनी शुरुआत टीवी रियलिटी शो 'नाच धूम मचा ले' से की थी। 2008 में इस शो में नजर आने वाली सायंतिका ने 2009 में 'घर संसार' फिल्‍म से बंगाली फिल्‍मों में डेब्‍यू किया। इसमें उनके किरदार का नाम 'मिली' था।

सायंतिका बनर्जी मूल रूप से कोलकाता की ही रहने वाली हैं। उनका जन्‍म 12 अगस्‍त 1986 को हुआ है। उन्‍होंने कोलकाता यूनिवर्सिटी से ही कॉमर्स में ग्रेजुएशन और मास्‍टर्स की डिग्री ली है।

साल 2009 से 2019 तक अपने 11 साल के करियर में सायंतिका ने अभी तक 18 फिल्‍मों में छोटे बड़े रोल किए हैं। इनमें उनकी 'आवारा', 'हीरोगीरी', 'पावर', 'अभ‍िमान' और 'उमा' कुछ सबसे चर्चित फिल्‍में हैं।

टीवी रियलिटी शो से फिल्‍मों में आई सायंतिका को शुरुआती दिनों में 'टारगेट', 'हैंगओवर' और 'मोने पोरे अजो से दिन' से खूब पॉप्‍युलैरिटी मिली।

साल 2012 में ही 'मोने पोरे अजो से दिन' के लिए सायंतिक को जॉय के साथ बेस्‍ट रोमांटिक जोड़ी का अवॉर्ड मिला। साल 2013 में सायंतिका बनर्जी ने 'आवारा' फिल्‍म के लिए पॉप्‍युलर यूथ स्‍टार (फीमेल) का अवॉर्ड जीता।

सायंतिका बनर्जी फिटनेस फ्रीक हैं। वह हर दिन घंटों जिम में पसीना बहाती और योग भी करती हैं। डांस की शौकीन है, इसलिए डांस क्‍लासेज भी जाती हैं।

सोशल मीडिया से भी सायंतिका को गहरा लगाव है। इंस्‍टाग्राम पर उनके 1.2M फॉलोअर्स हैं। एक और बात जो सायंतिका के चाहने वालों को अच्‍छी तरह पता है, वह यह कि उन्‍हें कुत्तों से बहुत लगाव है।

 

Source : Agency

पाठको की राय